चारधाम यात्रा दिन प्रतिदिन नए-नए आयाम स्थापित कर रही है. सबसे ज्यादा सैलाब केदारनाथ धाम यात्रा में देखा जा रहा है. इस बार की यात्रा ने पिछले वर्ष की यात्रा के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. पिछले वर्ष की यात्रा की तुलना करें तो 39 दिन में जहां 9 लाख भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए थे, वहीं इस बार की यात्रा में यात्रियों का आंकड़ा 9 लाख 35 हजार पार पहुंच गया है.
केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पहली बार लागू हुआ टोकन सिस्टम यात्रियों को खूब भा रहा है. धाम पहुंच रहे हर यात्री को एक घंटे के भीतर मंदिर के गर्भ गृह में जाकर दर्शन हो रहे हैं. जिसका नतीजा यह है कि यात्रा ने अब तक की पिछली यात्रा के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. 39 दिन की पिछली यात्रा में जहां 9 लाख भक्त पहुंचे थे, वहीं इस बार यात्रियों का आंकड़ा 9 लाख 35 हजार पार पहुंच गया है.
केदारनाथ धाम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ के बीच भक्तों को कोई परेशानी ना हो, इसको लेकर प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है. धाम सहित केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग और केदारनाथ हाईवे की हर एक गतिविधि को समय-समय पर चेक किया जा रहा है. धाम पहुंच रहे यात्रियों से भी प्रशासन की ओर से फीडबैक लिया जा रहा है. यदि कोई यात्री समस्या दर्ज करता है तो उस समस्या का शीघ्र निराकरण किया जा रहा है.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों की हरसंभव मदद की जा रही है. भक्त आसानी से बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं. स्वच्छ वातावरण में भक्तों को बाबा केदार के दर्शन हो रहे हैं, जबकि किसी यात्री के बीमार होने पर शीघ्रता से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है. यात्रा मार्गों में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया गया है.
केदारनाथ यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है. धाम में बाबा केदार के प्रति भक्तों की अटूट आस्था देखने को मिल रही है. खराब मौसम के बावजूद बीते एक सप्ताह से उम्मीद से अधिक भक्त बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं. बीते 10 जून को 25 हजार 921 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए. अंदाजा लगाया जा रहा है कि आगामी दिनों में और अधिक संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंचेंगे. ऐसे में प्रशासन सभी चुनौतियों से पार पाते हुए भक्तों को सुलभ दर्शन करवाने की कोशिशों में जुटा हुआ है.
