कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के बडोवाला में 26 जून की रात दो बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश की. लेकिन प्रॉपर्टी डीलर बोखौफ होकर बदमाशों से भिड़ गया. इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर घायल हो गया. लेकिन उसने एक बदमाश को दबोच लिया. जबकि दूसरा बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया. पुलिस ने दबोचे गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घायल प्रॉपर्टी डीलर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दूसरे साथी की तलाश शुरू कर दी है.
प्रॉपर्टी डीलर अरविंद दत्त नौटियाल निवासी बडोवाला की शिकायत के मुताबिक, गुरुवार रात करीब एक बजे वह अपने घर के सेकंड फ्लोर में सो रहे थे. अचानक उन्हें दरवाजे से आवाज आई. जब तक वह कुछ समझ पाते हथियारबंद दो बदमाश कमरे में घुस गए. इस बीच एक ने तमंचा दिखाया जबकि दूसरे ने पेचकस से हमला कर दिया. बदमाश ने उनके सिर पर कई वार किए, जबकि दूसरे ने उनके गले से सोने की चेन लूट ली. इस दौरान अरविंद ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को पीछे की ओर धक्का दिया और अपने भाई को फोन किया. भाई मौके पर पहुंचा और फिर बदमाशों के साथ उनकी हाथापाई हुई. इस दौरान अरविंद और उनके भाई ने एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया. जबकि दूसरा बदमाश धक्का देकर फरार हो गया.
इसके बाद कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी जावेद निवासी नूरपुर बिजनौर को गिरफ्तार किया. साथ ही पीड़ित की शिकायत के आधार मुकदमा दर्ज कर दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है.
