उत्तराखंड में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी है. भारी बारिश के कारण पूरे उत्तराखंड में इस समय आपदा जैसे हालत बने हुए है. नदी और नाले उफान पर है. लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतें पहाड़ी इलाकों में हो रही है. मंगलवार 12 अगस्त को मसूरी में जहां एक दुकान ढह गई तो वहीं होटल को भी नुकसान पहुंचा है.
जानकारी के मुताबिक मसूरी नगर पालिका के वार्ड नंबर 12 में होटल वाइल्ड फ्लावर के पास दलबीर सिंह गुसाईं की सालों की पुरानी दुकान है, जो 12 अगस्त सुबह को अचानक से भरभराकर गिर पड़ी. इसके अलावा दुकान से लगा होटल भी खतरे की जद में आ गया है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार पूरी रात से रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश ने जमीन को कमजोर कर दिया था. सुबह जैसे ही लोग नींद से जागे, तभी एक ज़ोरदार आवाज ने पूरा इलाका को दहला दिया. लोगों ने घरों से बाहर आकर देखा तो दलबीर सिंह की दुकान मलबे में तब्दील हो चुकी थी.
इस हादसे में जहां दुकान को पूरी तरह नुकसान पहुंचा है तो वहीं दुकान की बगल में स्थित होटल को भी आंशिक रूप से क्षति पहुंची है. दुकान के गिरने से वहां रखे सारे सामान, फर्नीचर और निर्माण सामग्री बर्बाद हो गई है. गुसाईं को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. राहत की बात ये है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई.बता दें कि मौसम विभाग ने आगामी 15 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है. रविवार रात को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह को राजधानी देहरादून के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे. शहर के बीचों-बीच से होकर गुजरने वाली रिस्पना और बिंदाल नदी भी कल उफान पर थी. कई जगहों पर बिंदाल नदी का पानी पुलों के ऊपर से तक आ गया था. जिससे लोग भी काफी डर गए थे.
