उत्तराखंड में हर साल आपदा आती है. हर साल आपदा के नुकसान का आकलन करते हुए भारत सरकार को मेमोरेंडम भेजा जाता है. इसी क्रम में विभाग, उत्तरकाशी के धराली, स्यानाचट्टी समेत अन्य क्षेत्रों में आई आपदा से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है. जिसका एक फाइनल प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजा जाएगा. इसके लिए सीएस ने सभी विभागीय अधिकारियों को 25 अगस्त तक नुकसान का आकलन कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं. भारत सरकार ने उत्तराखंड में हुए नुकसान के आकलन के लिए टीम भी गठित कर दी है. ये टीम स्थलीय निरीक्षण कर अपने तरीके से नुकसान का आकलन करेगी.
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा उत्तराखंड में आपदा की वजह से हुए नुकसान का आकलन कर एक मेमोरेंडम तैयार कर भारत सरकार को भेजा जाना है. जिसे चलते सभी विभागों को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं कि वो 25 अगस्त तक भेज दें, ताकि आपदा से नुकसान का मेमोरेंडम भारत सरकार को भेजा जा सके. साथ ही कहा कि भारत सरकार की ओर से नुकसान का आकलन करने के लिए टीम भी गठित कर दी गई हैं. गठित टीम की ओर से आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद आपदा प्रबंधन विभाग, पोस्ट डिजास्टर नीड एसेसमेंट करवाएगी. इसके बाद भारत सरकार की ओर से प्रदेश के लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा की जाएगी.
साथ ही कहा कि भारत सरकार की ओर से ज्वाइंट सेक्रेटरी की अध्यक्षता में सात सदस्य टीम गठित की गई है. जिस टीम में चीफ इंजीनियर, डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर समेत तमाम लोग शामिल है. उन्होंने बताया जैसे ही उत्तराखंड सरकार की ओर से भारत सरकार को नुकसान का मेमोरेंडम भेजा जाएगा उसके बाद भारत सरकार की टीम आपदा प्रभावित क्षेत्र का असली निरीक्षण करने के लिए पहुंचेगी. इस टीम को धराली, स्यानाचट्टी, पौड़ी, थराली समेत अन्य क्षेत्र में हुए नुकसान को दिखाया जाएगा.
सचिव ने कहा भारत सरकार की ओर से गठित टीम स्थलीय निरीक्षण कर इस चीज का आकलन करती है कि राज्य सरकार की ओर से जो नुकसान का मेमोरेंडम भेजा गया है वो सही है या नहीं? यानी नुकसान के मेमोरेंडम का सत्यापन करती है. इस स्तरीय निरीक्षण के बाद आपदा प्रबंधन विभाग, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पीडीएनए कराया जाएगा.
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आंकलन करते हुए कई विभागों ने रिपोर्ट दे दी है. कुछ विभागों के रिपोर्ट आनी अभी बाकी है. मुख्य सचिव ने सभी विभागों को 25 अगस्त तक नुकसान आंकलन रिपोर्ट देने को कहा है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 25 अगस्त को ही बैठक होनी है.
