उत्तराखंड में इस बार मानसून ने भारी तबाही मचाई है. खासकर पहाड़ी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड से काफी नुकसान हुआ है. भारी बारिश के बाद तबाही का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को उत्तराखंड आ रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 4:15 पर आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण करने का है.
इसके बाद 5:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून में एक हाई लेवल की बैठक करने जा रहे हैं.प्रधानमंत्री मोदी न केवल गुरुवार को उत्तराखंड का दौरा करेंगे बल्कि उत्तर प्रदेश का भी वह दौरा करने वाले हैं. पीएम का दौरा पहले उत्तर प्रदेश का होगा. यूपी में पीएम मोदी वाराणसी जाएंगे. पीआईबी के अनुसार वाराणसी में सुबह लगभग 11:30 बजे, प्रधानमंत्री मॉरीशस के प्रधानमंत्री, डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की मेज़बानी करेंगे. मॉरीशस के पीएम 9 से 16 सितंबर 2025 तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं.
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड पहुंचेंगे. उनका यहां आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करने का है. पीएम मोदी सेना के हेलीकॉप्टर में बैठकर उत्तरकाशी, चमोली और आसपास के इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वापस लौट के एयरपोर्ट पर ही सभी अधिकारियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ वह एक हाई लेवल बैठक करेंगे. इस बैठक में उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्र की जो टीम प्रदेश का दौरा कर चुकी है, वह अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
इसके बाद 23 अगस्त को चमोली जिले के थराली में प्राकृतिक आपदा आई थी. थराली के कोटड़ीप, राड़ीबगड़, अपर बजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत अन्य हिस्सों में अतिवृष्टि और लैंडस्लाइड से काफी नुकसान हुआ था. भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण एक युवती की मौत हो गई थी. एक व्यक्ति लापता हो गया था. कई दिन तक थराली में रेस्क्यू ऑपरेशन चला था. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद थराली पहुंचे थे.
