पहाड़ों की रानी मसूरी में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था. सोमवार 15 सितंबर को हुई बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन, सड़कों के टूटने और पुल के ढहने से मसूरी, देहरादून से पूरी तरह कट गया है. हालांकि अब हालात तेजी से सुधर रहे हैं.
पुलिस-प्रशासन की टीम जहां पीड़ितों को राहत पहुंचाने में जुटी हुई है तो वहीं अन्य विभाग रास्तों को खोलने में जुटे हुए हैं. मसूरी-देहरादून को जोड़ने वाला मुख्य पुल भारी बारिश के चलते पूरी तरह मंगलवार को क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके जोड़ने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है. बेली ब्रिज एक उम्मीद की किरण बनी है, जिस पर तेजी से काम हो रहा है. इस बेली ब्रिज के बनने के बाद ही मसूरी और देहरादून के बीच आवागमन शुरू हो पाएगा. तभी मसूरी में फंसे हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग कहीं आ-जा पाएंगे.
लोक निर्माण विभाग ने टूटे हुए पुल की जगह बेली ब्रिज बनाने का काम शुरू कर दिया है, जो अंतिम चरण में है. प्रशासन की मानें तो आज बुधवार देर रात तक बेली ब्रिज तैयार हो जाएगा. इसे बाद बेली ब्रिज से टू व्हीलर और हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी.
लोक निर्माण विभाग ने विभागध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मसूरी के लिए रोड कनेक्टिविटी को रिस्टोर करने के लिए बेली ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. आज रात 7 बजे तक शिव मंदिर के आगे बेली ब्रिज का निर्माण कर ट्रैफिक को बहाल किए जाने का प्रयास है.बारिश के कारण मसूरी की कई प्रमुख और संपर्क मार्गों पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा हो गए थे. ऐसे में लोक निर्माण विभाग की कई टीमें दिन-रात मलबा हटाने और सड़कों को साफ करने में जुटी है. जेसीबी, डंपर और श्रमिकों की मदद से काम को युद्ध स्तर पर अंजाम दिया जा रहा है.
आपदा के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी में फंसे रह गए थे. प्रशासन ने इन पर्यटकों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों और संसाधनों की व्यवस्था की है. नगर पालिका, पुलिस, होटल एसोसिएशन और होमस्टे संचालकों के सहयोग से फंसे हुए पर्यटकों को खाना, पानी और ठहरने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने खुद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय लोगों को खाद्य सामग्री और पानी वितरित किया. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बारिश और भूस्खलन ने मसूरी के विभिन्न हिस्सों को बुरी तरह प्रभावित किया है. मुख्य सड़कें टूटी हैं, पुल बह गए हैं. लेकिन सरकार, प्रशासन और पालिका पूरी ताकत के साथ राहत कार्यों में जुटे हैं.
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में मसूरी की जनता का सहयोग बहुत जरूरी है. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का साथ दें. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि सड़कों और पुलों को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि जीवन सामान्य हो सके. पर्यटकों को सुरक्षित गंतव्यों तक पहुंचाना और स्थानीय लोगों को राहत देना हमारा दायित्व है.
