उत्तराखंड के चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किए जाने को लेकर स्थानीय लोग लगातार आंदोलन कर रहे हैं. जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों से स्थल निरीक्षण करने की बात कही. साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ ही हर मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया.
बता दें कि चौखुटिया क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए सीएम धामी ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को अपग्रेड करने के लिए शासनादेश जारी कर दिया है. इसके तहत चौखुटिया अस्पताल की क्षमता 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड कर दी गई है. साथ ही तमाम आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को चरणबद्ध रूप से सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया है.
वहीं, मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जनहित की हर मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशील है और जन आकांक्षाओं के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और ज्यादा सुदृढ़ बनाने के लिए काम कर रही है.
सीएम धामी ने बताया कि इस विषय में वो खुद स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे. साथ ही प्रगति की सीधे मॉनिटरिंग करेंगे. उन्होंने कहा कि चौखुटिया और आसपास के क्षेत्रवासियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. इसके लिए एक्स-रे मशीन के संचालन की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को दी गई है.
बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया को 50 बेडेड उप जिला चिकित्सालय में अपग्रेड किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी. इसके बाद उत्तराखंड स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने 16 अक्टूबर 2025 को आदेश भी जारी कर दिया था. जिस आदेश में इस बात को कहा गया था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया को 50 बेडेड उप जिला अस्पताल में अपग्रेड करने के साथ ही डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जाएगी.
इस आदेश के बावजूद भी चौखुटिया के स्थानीय लोग स्वास्थ्य को बेहतर किए जाने को लेकर आंदोलन कर रहे थे. जिसको देखते हुए बीते दिन यानी 3 नवंबर को उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग की ओर से चौखुटिया को उप जिला चिकित्सालय बनाने के लिए उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को कार्य संस्था नियुक्ति कर दिया.
