नगर निगम देहरादून द्वारा नगर आयुक्त नमामि बंसल की अध्यक्षता में दून विश्वविद्यालय, मोथरावाला में स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत एक विशेष नागरिक फीडबैक अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं शिक्षण संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना एवं अधिक से अधिक नागरिक फीडबैक प्राप्त करना रहा
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों एवं स्टाफ को नगर निगम देहरादून द्वारा शहर में संचालित विभिन्न स्वच्छता एवं जनहित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, RRR सेंटर, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिक सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से अवगत कराया गया।
नगर आयुक्त द्वारा विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिक फीडबैक के महत्व को समझाया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक नागरिक का सकारात्मक सहयोग देहरादून को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में स्थान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को QR कोड एवं अन्य माध्यमों के जरिए फीडबैक दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही विद्यार्थियों से फीडबैक भी दर्ज करवाए गए। इस पहल से स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में देहरादून की रैंकिंग को सकारात्मक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम देहरादून द्वारा दून विश्वविद्यालय परिसर में PMC सुपरवाइजर्स के माध्यम से यह विशेष फीडबैक अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कुल 20 PMC सुपरवाइजर्स की तैनाती की गई है। अभियान को प्रभावी एवं आकर्षक बनाने हेतु विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर बैनर, स्टैंडीज़ एवं कियोस्क स्थापित किए गए हैं, ताकि अधिकाधिक छात्र-छात्राएं इस अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।
नगर निगम देहरादून द्वारा सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में अपना फीडबैक दर्ज कर स्वच्छ एवं सुंदर देहरादून के निर्माण में सहभागी बनें तथा देहरादून को देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों में स्थान दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
