उधम सिंह नगर के काशीपुर में नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है. पूरी प्रक्रिया पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में संपन्न कराई गई. अधिकारियों का कहना है कि मामले में मौत के कारणों और अन्य तथ्यों की गहन जांच के लिए दोबारा पोस्टमार्टम आवश्यक समझा गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
जानकारी के मुताबिक, मामले में कुछ ऐसे बिंदु सामने आए थे, जिनके कारण मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ था. इसी को देखते हुए मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने शव का दोबारा परीक्षण कराने के निर्देश दिए थे. न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर कार्रवाई को अंजाम दिया.
अधिकारियों ने बताया कि शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया के दौरान फोरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहे. जिन्होंने आवश्यक निरीक्षण किया. शव को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेने के बाद आगे की जांच के लिए हल्द्वानी भेजा गया. माना जा रहा है कि वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल की ओर से पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिससे मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी. रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट निष्कर्ष निकलने की उम्मीद है. साथ ही यदि किसी प्रकार की लापरवाही, संदिग्ध परिस्थितियां या अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं. ताकि, सच्चाई सामने आ सके और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिले. बता दें कि युवक की हत्या किए जाने का शक जताया गया है. जिसके बाद शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. इससे पहले हाईकोर्ट के न्यायमूर्ती राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने शव को कब्र से निकालकर दोबारा से पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने को कहा है.
