योग गुरू स्वामी रामदेव अब प्रशासनिक सेवाओं के लिए भी नई पहल करने जा रहे हैं. पतंजलि समूह ने सिविल सर्विसेज की तैयारी कराने के लिए अपनी नई पंतजलि सिविल सर्विसेज एकेडमी शुरू करने की घोषणा की है. इस एकेडमी की सबसे खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर चर्चित शिक्षक अवध ओझा को इसका नेतृत्व सौंपा गया है.
शनिवार सुबह पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव और अवध ओझा एक साथ योग करते नजर आए और सोशल मीडिया पर ही स्वामी रामदेव ने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए एकेडमी शुरू करने की घोषणा की.
अवध ओझा लाखों बच्चों को सिविल सर्विस की तैयारी करा चुके हैं और एक हजार से ज्यादा बच्चे आईपीएस और आईएएस बन चुके हैं. अब पतंजलि में किसी भी विश्विद्यालय के बच्चे आकर सिविल सर्विस की तैयारी कर सकेंगे. अपने और देश के भविष्य निर्माण के लिए खुद को तैयार करवायेंगे.
एकेडमी का उद्देश्य देश को संस्कारवान, राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाले और उत्कृष्ट प्रशासनिक अधिकारी देना है. वहीं अवध ओझा ने कहा कि अब सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों को दिल्ली जैसे बड़े कोचिंग संस्थानों की बेहतर शिक्षा पतंजलि योगपीठ के शांत वातावरण में मिलेगी.
उन्होंने बताया कि छात्रों को दिल्ली के अनुभवी और बेहतरीन शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. यहां आकर उन्हें किसी प्रकार की टेंशन और स्ट्रेस नहीं होगा. पतंजलि योगपीठ में योग, अनुशासित दिनचर्या और तनावमुक्त माहौल के बीच बच्चों को यूपीएससी और अन्य सिविल परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे. उन्होंने दावा किया कि यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करेगी.
