देहरादून रोड स्थित एक बैंक के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में मंगलवार को अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि कुछ ही मिनटों में पूरी स्कूटी जलकर राख हो गई. घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी बैंक के बाहर सामान्य रूप से पार्क की गई थी. अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्कूटी आग की लपटों से घिर गई. आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को उसे बचाने का मौका तक नहीं मिला. घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी.
घटना के दौरान देहरादून रोड पर कुछ देर के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया. जिसके बाद यातायात को सुचारु कराया. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास खड़े वाहन मालिकों ने भी तुरंत अपने वाहन सुरक्षित स्थानों पर हटा लिए. गनीमत रही कि आग की लपटें बैंक भवन या आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंचीं. यदि आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और भारी नुकसान की आशंका थी. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है. हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही. कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर बैटरी सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
