विश्व विख्यात केदारनाथ धाम के अभी तक 15 लाख 85 हजार से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं. हर रोज औसतन चार हजार के आसपास भक्त दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं. हालांकि, पिछले साल की तुलना में यात्रियों की संख्या में कमी आई है. इस बार 23 अक्टूबर को भैया दूज के पर्व पर धाम के कपाट बंद होने हैं. ऐसे में स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बचे हुए दिनों में धाम आने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी.
बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट दीपावली के दो दिन बाद भैया दूज के पावन पर्व पर 23 अक्टूबर को बंद होंगे. पिछले साल की यात्रा की तुलना में इस बार कपाट पहले बंद हो रहे हैं. जबकि, पिछले साल की तुलना में यात्री भी कम पहुंच रहे हैं. पिछले साल पूरे सीजन के दौरान 19 लाख के आस पास भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए थे. जबकि, अभी तक 15 लाख 85 हजार से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं.
भले ही मानसून सीजन निपट गया हो, लेकिन केदारनाथ हाईवे की बदहाल स्थिति नहीं सुधरी है. सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटरमार्ग तो सोनप्रयाग और मुनकटिया के पास अभी भी जानलेवा बना हुआ है. यहां पहाड़ी से बोल्डर गिरने का लगातार खतरा बना हुआ है. यात्रा सीजन में तो इन दो स्थानों पर बार-बार पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण कई दिनों तक यात्रा को भी स्थगित करना पड़ा. जबकि, मुनकटिया में तो कई वाहन भी बोल्डरों की चपेट में आए. खासकर हाईवे रामपुर और डोलिया देवी के पास हाईवे का बुरा हाल है.
फाटा के पास रामपुर में केदारनाथ हाईवे हर साल लगातार नीचे की ओर धंस रहा है. विभाग की ओर से यहां पर मानसूनी सीजन के बाद लाखों रुपए की लागत से हाईवे का ट्रीटमेंट किया जाता है, लेकिन फिर स्थिति जस की तस हो जाती है. इन दिनों रामपुर में हाईवे पर कई भारी वाहन भी फंस रहे हैं, जिन्हे धक्का मारकर या फिर जेसीबी के सहारे आर-पार करवाया जा रहा है.
डोलिया देवी के पास भी केदारनाथ हाईवे की बदहाल स्थिति है. कुछ समय पहले ही यहां पर हाईवे का डामरीकरण किया गया था, लेकिन मानसूनी सीजन में बोल्डर गिरने के कारण हाईवे का डामर उखड़ चुका है. हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं. यात्री और स्थानीय लोगों के वाहन हिचकोले खाकर आवाजाही कर रहे हैं.
