मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध निर्माण, गैरकानूनी प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे आवासीय व व्यावसायिक ढांचों के खिलाफ आज व्यापक अभियान चलाया. शुक्रवार को मसूरी, विकासनगर, शेरपुर और देहरादून के अलग-अलग इलाकों में एमडीडीए की टीमों ने अवैध निर्माणों को सील किया. कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की.
एमडीडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति की प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आज की कार्रवाई उसी सख्ती का हिस्सा है, जिसे लागू करने के लिए प्राधिकरण लगातार अभियान चला रहा है. पहली कार्रवाई कैम्पटी मसूरी रोड पर खुशहाल सिंह द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर की गई. बिना मानचित्र स्वीकृति किए जा रहे इस निर्माण को टीम ने मौके पर सील कर दिया. टीम ने स्पष्ट किया कि बिना एमडीडीए स्वीकृति किसी भी प्रकार का व्यावसायिक ढांचा खड़ा करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है.
दूसरी कार्रवाई हर्बटपुर में हुई. यहां लखन सिंह और जगवीर सिंह ने विवेकानंद अस्पताल के निकट लगभग 20 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी. एमडीडीए की टीम ने बुलडोजर चलवाकर पूरी अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया. तीसरी कार्रवाई कल्याणपुर पोंटा रोड क्षेत्र में प्रवीन बंसल ने लगभग 15 से 20 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की.
चौथी कार्रवाई शेरपुर, सेलाकुई क्षेत्र में जब्बार अली ने लगभग 30 बीघा भूमि पर की गई. एमडीडीए टीम ने पूरे क्षेत्र को चिन्हित कर बुलडोजर से ध्वस्त कराया. यह इलाका तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन अवैध कॉलोनियों के बढ़ते प्रसार को देखते हुए एमडीडीए ने इसे निगरानी में रखा हुआ ह.
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया एमडीडीए प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बिना मानचित्र स्वीकृति किए जा रहे सभी आवासीय और व्यावसायिक निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. शुक्रवार की कार्रवाई यह स्पष्ट संदेश है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और सख्त कदम उठाए जाएंगे. सुव्यवस्थित और नियोजित विकास के लिए एमडीडीए अपनी कार्रवाई आगे भी जारी रखेगा.
