सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के लिए गर्व का क्षण है। अल्मोड़ा की मूल निवासी और एनसीसी कैडेट नयना बिष्ट का चयन गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए हुआ है।
आगामी 26 जनवरी को नयना नई दिल्ली के ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय परेड में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी और अल्मोड़ा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
नयना बिष्ट वर्तमान में ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून में बीटेक की छात्रा हैं और 11 UK बटालियन में सीनियर अंडर ऑफिसर (SUO) के पद पर कार्यरत हैं। नयना ने यह मुकाम अपने कठिन अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सैन्य अनुशासन के बल पर हासिल किया है। उनके चयन पर एनसीसी अधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन और अल्मोड़ा के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
अपनी इस शानदार सफलता पर नयना बिष्ट ने कहा कि यह उपलब्धि उनके गुरुजनों के मार्गदर्शन, एनसीसी अधिकारियों के कड़े प्रशिक्षण और परिवार के निरंतर प्रोत्साहन का परिणाम है। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि इष्ट देवों, पूर्वजों और विशेषकर अपनी दादी के आशीर्वाद ने उन्हें हर कदम पर शक्ति दी।
नयना के पिता प्रकाश बिष्ट क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित रंगकर्मी हैं, जबकि उनकी माता प्रीति बिष्ट एक सक्रिय समाज सेविका हैं। कला और सेवा के माहौल में पली-बढ़ी नयना की इस सफलता पर अल्मोड़ा के विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने बधाई दी है।
