हुड़दंगी छात्रों और युवकों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस ने ऑपरेशन नाइट वॉच शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत पुलिस रात में सभी थाना क्षेत्रों मे चेकिंग अभियान चलाते हुए कार्रवाई कर रही है. पिछले दो दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने वाल 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 21 चौपहिया और 50 दो-पहिया वाहनों को सीज किया गया है.
बता दें एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रो में स्थित शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं. साथ ही रात में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के साथ-साथ अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए लगातार स्थान बदल बदल कर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए. चेकिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऑपरेशन नाइट वॉच की शुरुआत की है. निर्देशों के क्रम में जनपद में नगर से देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ऑपरेशन नाईट वॉच के तहत लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
इस अभियान के तहत बुधवार रात में भी जनपद के नगर तथा देहात के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सीमावर्ती चैक पोस्टों और आन्तरिक मार्गो पर आकस्मिक रूप से चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान पिछले 2 दिनों में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार किया है. 71 वाहनों को सीज किया गया है. इस दौरान वाहनों में हूटर, काले शीशे लगाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12 अन्य वाहनों को सीज करते हुए 98 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान किये गये हैं. इनसे 38500 रूपये का जुर्माना वसूला गया है
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया विश्वविद्यालय और कॉलेजों मे पढ़ने के नाम पर युवकों को रात में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या कोई अपराध करना किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे सभी युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
