आज रामनवमी के मौके पर देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू हुई. देहरादून से 42 सीटर विमान पिथौरागढ़ नैनीसैनी हवाई अड्डे पर पहुंचा. जहां वाटर कैनन से हेली सेवा का स्वागत किया गया. पिथौरागढ़ जिलाधिकारी ने केक काटकर हेली सेवा को जनपदवासियों को समर्पित किया. इससे पूर्व देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केक काटकर तथा एलायंस एयर के 42 सीटर विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था. देहरादून पिथौरागढ़ के बीच शुरू हेली सेवा के पहले दिन पिथौरागढ़ कुल 24 यात्री एवं 1 शिशु का आगमन हुआ, जबकि 22 यात्री एवं 1 शिशु का प्रस्थान हुआ.
इससे पहले सीएम धामी ने राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार को लेकर खुशी जताई. सीएम धामी ने कहा राज्य और केंद्र सरकार लगातार हेली सेवाओं के विकास के लिए काम कर रहे हैं. पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार सेवाओं में सुधार किया जा रहा है. सीएम धामी ने कहा सीमांत क्षेत्रों को नई उड़ान देने की दिशा में आज एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए विमान सेवा (42 सीटर) का शुभारम्भ हुआ है. यह क्षेत्रीय विकास, पर्यटन विस्तार और स्थानीय जनमानस की सुविधा को नई गति देने वाला कदन हैं.
सीएम धामी ने बताया पिछले 4 वर्षों में उत्तराखंड में हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 तथा हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है. उन्होंने कहा लगातार इस दिशा में केंद्र के सहयोग से काम हो रहा है. उन्होंने केंद्र के सहयोग के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद कहा है.
सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड में शुरू हुई हेली सेवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हेलीपैड के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिली है. आज हेली एम्बुलेंस सेवाओं के जरिए दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित हो रही है.
