अक्सर उम्र के आखिरी पड़ाव पर बुजुर्गों का मन या तो भक्ति में लगता है, या अपने नाती पोतों में. लेकिन 80 बरस की बुजुर्ग महिला की आंखें तरस गई हैं, एक खास चेहरे को देखने के लिए. ये महिला उस शख्स से मिलना चाहती हैं और अपना सब कुछ उन्हें सौंप देना चाहती हैं.
कहानी है 80 वर्षीय पुष्पा मुंजियाल की जो देहरादून के डालनवाला क्षेत्र स्थित प्रेम धाम आश्रम में रहती हैं. पुष्पा मुंजियाल की आंखों की रोशनी नहीं है. लेकिन उनके पास कुछ सोने के गहने और करीब 50 लाख की FD हैं, जो वो अपने प्रिय नेता राहुल गांधी को सौंपना चाहती हैं. राहुल गांधी से मिलने की इच्छा बुजुर्ग महिला कई बार जता चुकी हैं. उन्होंने अपनी कुछ सोने की ज्वेलरी और एफडी जो चालू हालत में हैं, में राहुल गांधी को नॉमिनी बनाया है.
बुजुर्ग महिला पुष्पा का कहना है कि जब राहुल गांधी से मिलेंगी, तो इस संपत्ति को उनके सुपुर्द कर देंगी. दरअसल वृद्धाश्रम में रहने वाले वृद्ध जनों से मिलने समाज सेवी नंदिता पोखरियाल पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने पुष्पा समेत अन्य बुजुर्गों के सुख-दुख बांटे. इस दौरान पुष्पा ने उन्हें बताया कि वह गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज खुदबुड़ा मोहल्ला में पढ़ाती थीं. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति में से 25 लाख रुपए दून अस्पताल को भी डोनेट किये.
