हरियाणा विधानसभा प्रचार के आखिरी सप्ताह में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्य में उनकी धुर विरोधी और सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा का हाथ थामते नजर आएं। राहुल गांधी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य नेताओं के साथ पार्टी की “हरियाणा विजय संकल्प यात्रा” शुरू करने के लिए अंबाला में थे। यह यात्रा उत्तर हरियाणा के छह निर्वाचन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा से पहले राहुल गांधी ने स्थानीय उम्मीदवार शैली चौधरी और दूसरे प्रत्याशियों प्रदीप चौधरी (कालका) और परविंदर सिंह पारी (अंबाला कैंट) के लिए वोट की अपील करने के लिए नारायणगढ़ में एक रैली को भी संबोधित किया। अपने 30 मिनट के भाषण के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखे हमले किए और कहा कि हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई, ‘न्याय’ और ‘अन्याय’ के बीच और गरीब-किसान और कॉरपोरेट के बीच है।
राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि जल्द ही ’36 बिरादरी की कांग्रेस सरकार’ बनेगी जिसमें सभी को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा और पहला कदम धान की खरीद और किसानों को तुरंत भुगतान जारी करना होगा। अग्निपथ सेना भर्ती योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “यह अग्निवीर योजना नहीं है बल्कि आपकी पेंशन चुराने का एक तरीका है। लेकिन आपकी पेंशन कहां जाती है? यह अडानी की जेब में जाती है। आपको इजरायल और अमेरिका में अडानी डिफेंस मिल जाएगी और भारत उनसे खरीदता है। इसका आधा पैसा एक राजनीतिक पार्टी की जेब में और आधा मोदी जी की मार्केटिंग में जाता है।” राहुल ने आगे कहा, “लेकिन मैं आपको बता दूं कि उन्होंने अडानी-अंबानी को जो पैसा दिया मैं उसे गरीबों, किसानों और युवाओं को दूंगा। अगर उनका 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जा सकता है तो आपका क्यों नहीं? किसानों का क्यों नहीं?
