सोमवार को हुई जिलाधिकारी द्वारा जन सुनवाई के दौरान परिवहन विभाग और लोनिवि से संबंधित शिकायतें आई थीं. जन सुनवाई में आरटीओ, एआरटीओ ओर अधिशासी अभियंता (ईई) के मौजूद नहीं होने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तीनों का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है.जिलाधिकारी सविन बंसल ने चेतावनी दी है कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. किसी भी तरह का बहाना बनाकर अफसर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते हैं.
दरअसल सोमवार को देहरादून कलेक्ट्रेट सभागार में जन सुनवाई हुई थी. इस दौरान दो शिकायतें प्रमुख थीं. इनमें एक महिला के द्वारा की गई शिकायत थी. दूसरी शिकायत वरिष्ठ नागरिकों ने की थी. जन सुनवाई के दौरान एक दिव्यांग महिला अंजना मलिक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बस पास का नवीनीकरण नहीं किया जा रहा है. इस कारण उन्हें सफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इसी तरह वरिष्ठ नागरिकों के एक समूह ने शिकायत दर्ज कराई कि बस चालक कहीं पर भी बस रोक देते हैं. नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है. परिवहन विभाग के अधिकारी मनमानी पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं.
