नगर निगम पिछले कई महीनों से शहर के नदी नालों की सफाई में जुटा हुआ. आज नगर आयुक्त ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया है. निरीक्षण के दौरान सड़कों के किनारे सफाई नहीं मिलने पर लापरवाही बरतने पर तीन मुख्य सफाई निरीक्षकों को सख्त चेतावनी जारी की गई. साथ ही एक मुख्य सफाई निरीक्षक का वेतन रोका गया. नगर आयुक्त ने साफतौर पर सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी.
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने शहर के शहीद भगत सिंह कॉलोनी, चंदननगर, रायपुर, राजपुर, रेस कोर्स, रिस्पना क्षेत्र आदि स्थानों का निरीक्षण किया. जिसमें सड़कों के किनारे मलबा और नालियों से निकाले गए कूड़ा पड़ा मिला. जिसके बाद संबंधित मुख्य सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि सड़कों की सफाई के बाद कूड़े के ढेरों को जल्द हटाया जाए. नाले के सफाई के बाद सिल्ट को सड़क किनारे नहीं छोड़ा जाए. साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीरता से कार्य किए जाने के निर्देश दिए.
वहीं लापरवाही पाए जाने पर तीन मुख्य सफाई निरीक्षकों को सख्त चेतावनी जारी कि गई है और एक मुख्य सफाई निरीक्षक का वेतन रोक दिया गया है. नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया है कि मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया गया है. साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए. आगे लापरवाही मिलने पर निलंबन तक की कार्रवाई करने की बात कही. साथ ही वार्डों में तैनात सफाई नायकों को मानसून सीजन के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.
