आज देश 79वां का स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. आजादी के इस मौके पर हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. योगगुरु बाबा रामदेव ने आचार्य बालकृष्ण के साथ पतंजलि योगपीठ में झंडा फहराकर देशवासियों को शुभकामनाएं दी.
इस मौके पर बाबा रामदेव ने कहा कि अन्य देश समय-समय पर भारत को ललकारने का कार्य करते हैं, कभी अमेरिका तो कभी कोई मिडिल ईस्ट व चाइना भारत से इस तरह की दुस्साहस करते रहे हैं.आज भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी बताया जा रहा है, हमारी ग्रोथ रेट, जीडीपी, इकोनॉमी, करंसी इसके ऊपर प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं. लेकिन आज हमें उन्हें बताना होगा कि हमने मात्र राजनीतिक आजादी हासिल नहीं की है, आज देश आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर हम यह संकल्प लेते हैं कि देश को आर्थिक गुलामी से बचाएंगे. योगगुरु बाबा रामदेव ने कई विदेशी प्रोडेक्टों पर भी निशाना साधा, साधा हो लोगों को स्वदेशी की ओर लौटने को कहा.
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि आज तक जितनी भी कंपनियां भारत में आई उन्होंने सिर्फ और सिर्फ भारत को लूटने का कार्य किया है. आज हमारा तन मन तो देसी हैं, लेकिन हमने विदेशी उद्योगों से बनी चीजों का प्रयोग अपने दिनचर्या में शुरू किया हुआ है, जिसे खत्म करना होगा. इसी के साथ योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि आज भारत में कुछ देशद्रोही लोग भी पनप रहे हैं जो रोज भारत माता के लिए अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं, ऐसे लोगों से भी हमें देश को बचाना है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया. सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी. साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने राजभवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया. राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस की प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
गौर हो कि आज 79वें स्वतंत्रता दिवस पर देश और प्रदेश में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. जिसमें लोग बढ़-चढ़ कर शिरकत कर रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में स्वतंत्रता के नायकों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद समेत सैंकड़ों बलिदानियों को याद किया जा रहा है.
