लगातार हो रही भारी बारिश के चलते राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों के हालात बेहद खराब हो गए हैं. देहरादून शहर में कारलीगाढ़ सहस्त्रधारा में रात्रि के समय अत्यधिक बारिश होने की सूचना पर जिला प्रशासन ने रेस्क्यू एंड रिलीफ ऑपरेशन शुरू किया. वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और हालातों का जायजा लिया. देहरादून जिले के केसरवाला, मालदेवता क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सीएम ने निरीक्षण किया. उत्तराखंड की स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम से जानकारी ली है.
बता दें कि, देहरादून में बिगड़ते हालातों को देखते हुए डीएम के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी रात के समय ही घटनास्थल पर पहुंचीं. जिला प्रशासन ने आसपास के लोगों को रात में ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाया. घटना की सूचना मिलते ही डीएम सविन बंसल ने कमान संभालते हुए रात ही विभागों से समन्वय कर मौके पर रेस्क्यू टीमें भी भेजीं. एसडीआरएफ, एनडीआरफ, लोनिवि द्वारा जेसीबी उपकरण सहित रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल जारी है.
घटना में कुछ दुकानें बह गई हैं. हालांकि, जानमाल की कोई क्षति नहीं हुई है. दो लोग मिसिंग बताये जा रहे हैं जिनकी खोजबीन जारी है. आपदा के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. आईआरएस सिस्टम से जुड़े विभाग सक्रिय मोड में हैं.
वहीं, सहस्त्रधारा रोड को डीएल रोड से जोड़ने वाले ऋषि नगर पुल को भारी बारिश में नुकसान पहुंचाया है. बारिश के कारण सड़क का पुश्ता ढह गया है. जबकि रिस्पना नदी के उफान ने ऋषिनगर पुल के आसपास तबाही मचाई है. नदी के किनारे एक मकान पूरी तरह ढह गया है. हालात ये हैं कि मकानों और नदी के बीच की दूरी केवल 3 मीटर की बची है. पुल के पास स्थित ऑटो सर्विस सेंटर में खड़ी चार मोटरसाइकिलें, दो मुर्गे के जाल और गैस सिलेंडर पानी में बहे. ऋषि नगर पुल से सटी मछली की दुकान भी रिस्पना नदी में बही. सड़क किनारे ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर भी भारी बारिश के चलते गिर गया है. फिलहाल पुलिस ने एहतियातन पुल से यातायात को रोक दिया है.
सहस्त्रधारा के साथ-साथ डोईवाला में भी बारिश से हालात बिगड़े हैं. जाखन नदी रौद्र रुप में बह रही है. रानीपोखरी और माजरी ग्रांट में नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है. इसके सोंग व सुसवा नदी से भी बाढ़ जैसे हालत बने हुए है. वहीं देहरादून के प्रेमनगर स्थित देवभूमि कॉलेज के पास भी भारी वर्षा के कारण जलभराव हुआ है. इसलिए वहां पर SDRF की टीम को भेजा गया है. तीन लोग पानी में फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया.
कुछ इसी तरह के हालात देहरादून में टपकेश्वर मंदिर के भी बने हुए हैं. टपकेश्वर मंदिर के नीचे से बहने वाली तमसा नदी भी रौद रुद्र में दिख रही है. बताया जा रहा है कि पानी मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंच गया है. देहरादून के अलावा टिहरी जिले में बारिश से काफी नुकसान हुआ है. यहां भी भारी बारिश के बाद आपदा जैसे हालत बन गए हैं.
वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, आज उत्तरकाशी, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा के साथ तीव्र से बहुत तीव्र वर्षा और मध्यम गरज के साथ तूफान आने की संभावना है. मसूरी, डोईवाला, ऋषिकेश, लैंसडाउन, बदरीनाथ, देवप्रयाग, कर्णप्रयाग, गोविंदघाट और इनके आस पास के क्षेत्रो को भी सर्तक रहने की आवश्यकता है.
