बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में मिली युवती की लाश मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं. युवती की शिनाख्त विशाखा के रूप में हुई है. हत्या का शक उसके ही बड़े भाई विशाल पर है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है. पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
बता दें कि, बीती 22 सितंबर को बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में एक 20 वर्षीय युवती की लाश मिली थी. लाश बोरे के कट्टे में बंद थी जबकि, सिर कट्टे से बाहर था. लाश को कट्टे में भरकर झाड़ियों में फेंका गया था. लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. आनन-फानन में पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
उधर, पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, साथ ही युवती के बारे में जानकारी जुटाई. एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, युवती का नाम विशाखा था, जो प्रेमनगर की रहने वाली थी. विशाखा का परिवार बहुत बुरे हालात से गुजर रहा है. उसकी मां रसौली के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती है और पिता लकवाग्रस्त होने से काफी समय से बिस्तर पर लाचार है.
विशाखा की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी पर जिम्मेदारी थी और उनका बड़ा बेटा विशाल नशे का आदी है. विशाल ने ही अस्पताल में भर्ती मां को सुबह 4 बजे फोन करके कहा कि ‘बहन कहीं चली गई है, किसी को बताना नहीं.’ सोमवार सुबह 10 बजे पता चला कि उनकी बेटी की लाश जंगल में मिली है. वहीं, घटना के बाद ही विशाल फरार है. जिसके बाद पुलिस को शक की सुई विशाल की तरफ है.
हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच में जुटी है. पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रथम दृष्टया गला दबाकर मौत को अंजाम दिया गया है. बहरहाल, मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि विशाखा पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थीं. वो घर की सबसे जिम्मेदार सदस्य थी. घर को सहारा देना चाहती थी, लेकिन भाई की नशे की आदतों के कारण उसकी अनबन रहती थी.
