हरिद्वार जिले के लक्सर में मासूम बच्ची से छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की उम्र 65 साल है. जिसे हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है.
जानकारी के मुताबिक, घटना बीती 21 सितंबर 2025 की है. जहां एक गांव निवासी व्यक्ति ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर उसकी 5 साल की बेटी के साथ छेड़खानी की गई है. जिसका आरोप उन्होंने गांव के ही एक बुजुर्ग लगा. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया.
बच्ची से जुड़े इस गंभीर अपराध को लेकर हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने विशेष टीम गठित कर उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और महिला उपनिरीक्षक प्रियंका नेगी को जांच सौंपी. साथ ही आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. निर्देशों का पालन करते हुए उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और महिला उपनिरीक्षक प्रियंका नेगी की पुलिस टीम ने 24 सितंबर को आरोपी को दबोच लिया. जिसे अब आज यानी 26 सितंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
बता दें कि इससे पहले भी लक्सर और पथरी थाना क्षेत्र में छेड़खानी व दुष्कर्म की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जिसमें छेड़छाड़ के अलावा नाबालिग से दुष्कर्म तक किया गया. इतना ही नहीं अपराध से बचने के लिए नाबालिग को मारने की कोशिश भी की जा चुकी है.
इससे पहले पथरी थाना क्षेत्र में 3 युवकों पर नाबालिग से गैंगरेप का आरोप लगा था. जिसमें नाबालिग लड़की अपने गांव के पास स्थित घर के पीछे गंभीर रूप से घायल मिली. पीड़िता ने गांव के ही तीन युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया था. आरोप था कि वारदात के बाद युवकों ने कुछ लोगों को आता देख डर के मारे उसे छत से नीचे फेंक दिया. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था.
वीडियो में नाबालिग मकान के पीछे झाड़ियों में पड़ी हुई और दर्द से कराहती हुई दिखाई दी थी. इस घटना से पथरी थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. लोगों में आक्रोश भर गया था. घटना को लेकर काफी हंगामा भी हुआ. राजनीतिक लोग भी इससे जुड़ गए थे. लिहाजा, मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.
