नैनीताल जिले के कालाढूंगी नगर पालिका के वार्ड 6 में करीब 40 लाख रुपए की लागत से सड़क का निर्माण कार्य होना है, लेकिन सड़क का शिलान्यास करने पहुंचे बीजेपी विधायक बंशीधर भगत को एक परिवार का विरोध का सामना करना पड़ा. परिवार ने हंगामा कर शिलान्यास में अड़ंगा लगा दिया. हालांकि, शिलान्यास के बाद विवादित स्थान को छोड़कर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.
बता दें कि पिछले 40 सालों से पक्की सड़क की राह देख रहे कालाढूंगी के वार्ड नंबर 6 के 125 परिवारों को आखिरकार सड़क की सौगात मिल ही गई. हालांकि, सड़क निर्माण में एक व्यक्ति के जमीन का कुछ हिस्सा आने पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत को उनका विरोध का सामना भी करना पड़ा.
इस दौरान विधायक बंशीधर भगत ने उन्हें जेल भिजवाने की धमकी भी दे डाली. बाद में विधायक भगत ने जैसे-तैसे सड़क का शिलान्यास किया. साथ ही उक्त विवादित स्थान को छोड़ कर सड़क निर्माण करने के निर्देश दिए.
