उत्तराखंड के मानसून हालांकि चला गया है, इसके बावजूद अभी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है. जिन जिलों में बारिश होगी उनमें गढ़वाल मंडल के 3 और कुमाऊं मंडल के 2 जिले शामिल हैं.
मौसम विभाग के अनुसार आज 3 नवंबर को उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यानी आज राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होगी. हालांकि मौसम विभाग ने कल यानी 4 नवंबर और परसों यानी 5 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है. पूर्वानुमान के अनुसार 4 नवंबर को उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश होगी.
4 नवंबर को गढ़वाल मंडल के सीमांत जिलों उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश होगी. हालांकि ये बारिश कहीं-कहीं और बहुत हल्की से हल्की होगी. इस दौरान बादल गरजेंगे तो बिजली भी चमकेगी. इसी तरह कुमाऊं मंडल के दो जिलों बागेश्वर और सीमांत पिथौरागढ़ में भी बारिश होगी. बाकी 8 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार वेदर का यही पैटर्न 5 नवंबर को भी रहेगा. दो दिन की बारिश के बाद 6 से 8 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है.
अगर तापमान की बात करें तो राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 25° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13° सेल्सियस है. धर्म नगरी हरिद्वार का अधिकतम तापमान 27° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14° सेल्सियस है. यानी दोनों शहरों के अधिकतम तापमान में 2 तो न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री का अंतर है.
थोड़ा और मैदानी इलाकों की तरफ चलें तो उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर का अधिकतम तापमान 28° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16° सेल्सियस है. यानी राजधानी देहरादून से करीब 250 किलोमीटर की दूरी पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में क्रमश: 3-3 डिग्री सेल्सियस का अंतर है.
