भले ही तीन तलाक पर कानून बन गया हो, लेकिन अभी भी कई जगहों पर तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला देहरादून से सामने आया है. जहां शौहर ने फोन पर ही अपनी बीबी को तलाक दे दिया. आरोप है कि शौहर घर को बेचकर गायब हो गया है. फिलहाल, पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दरअसल, नया नगर मेहूवाला निवासी एक नवविवाहिता ने पटेलनगर कोतवाली में एक शिकायत दर्ज कराई है. जिससे उसने बताया कि बीती 10 मई को उसका निकाह नया नगर निवासी एक युवक के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुआ था. शादी के कुछ दिन तो शौहर का व्यवहार ठीक-ठाक रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही शौहर ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करना शुरू कर दिया.
आरोप है कि शौहर मारपीट भी करने लगा. बात-बात पर दहेज को लेकर आए दिन प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. ये भी आरोप है कि पीड़िता को स्कॉर्पियो कार लाने के लिए प्रताड़ित करता था. जबकि, पीड़िता के परिवार वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज में बाइक और सोने के जेवर दिए थे. शौहर दहेज में मिले जेवरात और बाइक बेच चुका है.
