सांसद खेल महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर खेल प्रेमियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
सांसद खेल महोत्सव में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों बागेश्वर, चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिताओं के तहत बॉक्सिंग, फुटबॉल, बैडमिंटन और क्रिकेट जैसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकसित भारत की ओर अग्रसर है और खेल इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर नशामुक्त समाज के संकल्प को पूरा करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम परिसर में बिना पानी हाई एल्टीट्यूड इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण, खिलाड़ियों के लिए छात्रावास, हॉकी हेतु आर्टिफिशियल टर्फ मैदान, 200 सोलर लाइट, एचएनबी खेल स्टेडियम में 50 बेड का छात्रावास, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट तथा हैंडबॉल कोर्ट निर्माण की घोषणा की।
