उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल किसी से छुपी नहीं है. पिथौरागढ़ जिला महिला अस्पताल का भी कमोवेश यही हाल है. जहां अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका हुआ है. ऐसे में अल्ट्रासाउंड कराने अस्पताल पहुंच रही सीमांत की गर्भवतियों को बैरंग ही घर वापस लौटना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि रेडियोलॉजिस्ट के ड्यूटी पर न होने से गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं मिल रही है.
बता दें कि हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में जिले के साथ नेपाल और चंपावत की गर्भवतियां अपना अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचती हैं. आज भी जिला अस्पताल पहुंचने पर महिलाओं को जानकारी मिली कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं. जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
कई अन्य महिलाएं भी अल्ट्रासाउंड की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंच रही है, लेकिन बगैर अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटना पड़ा. बताया जा रहा है कि कल यानी शुक्रवार को भी अस्पताल में गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड नहीं होंगे. महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए हफ्ते में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड शिविर लगाया जाता है.
बता दें कि सीमांत की पांच लाख से ज्यादा आबादी के ऊपर एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट तैनात है. गर्भवतियों से लेकर आम रोगियों के अल्ट्रासाउंड का जिम्मा उनके ही कंधों पर है. ऐसे में अगर एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होती तो लोगों को इस तरह की दिक्कत से जूझना नहीं पड़ता. पूर्व में लगातार स्थानीय लोगों यहां पर स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं.
