कालाढूंगी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के पुरस्कार से भी सम्मानित किया.
दरअसल, 14 फरवरी 2026 की रात चौकी बैलपड़ाव को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई है. सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. हालांकि मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वीडियोग्राफी कराई और खोखे बरामद किए.
16 फरवरी को बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह, निवासी बच्चीनगर कालाढूंगी की तहरीर पर नामजद आरोपियों रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी तथा एक अज्ञात के खिलाफ कोतवाली कालाढूंगी में मुकदमा दर्ज किया गया. विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई. एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई. आज टीम ने गडप्पू बैरियर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
