उत्तराखण्ड में शादी-ब्याह जैसे खुशियों भरे आयोजनों में हथियार ले जाने पर रोक के बावजूद लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसी ही एक खबर आज राज्य के देहरादून जिले के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू ग्राम से सामने आ रही है जहां मेहंदी समारोह के दौरान अचानक चली गोली ने जश्न का माहौल दहशत में बदल दिया। लाइसेंसी पिस्टल से निकली गोली समारोह में मौजूद एक युवती के पैर में लग गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार सोमवार रात गढ़वाली कॉलोनी नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर शादी से पहले मेहंदी कार्यक्रम आयोजित था। समारोह में परिचितों और रिश्तेदारों के साथ धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ लेकर आया था। कॉकटेल पार्टी के दौरान जब लोग डांस कर रहे थे, उसी समय पिस्टल से अचानक फायर हो गया। गोली पास में खड़ी नीलिमा यादव के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह सन्नाटे में बदल गया।
परिजनों ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय लापरवाही के कारण ट्रिगर दबने से फायर हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली है और उसके लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग करने और दूसरों की जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है ताकि लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समारोह में बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। गनीमत रही कि गोली नीचे की ओर चली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार और रिश्तेदारों में भय का माहौल है और खुशियों का कार्यक्रम अचानक तनाव में बदल गया। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि हर्षोल्लास से भरे निजी समारोहों में हथियार लेकर पहुंचना किस हद तक खतरनाक साबित हो सकता है।
