विकासनगर क्षेत्र में देहरादून-पावंटा साहिब हाईवे पर तडके सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां शिमला बाइपास आदूवाला स्थित एक ढाबे के पास खनन से भरे तेज रफ्तार डंपरों ने सड़क किनारे जा रहे वन गुर्जरों के पशुओं के झुंड को बेहरमी से कुचल दिया. जिसमें 5 भैंसों की मौके पर मौत हो गई. जबकि, एक गाय और तीन भैंसे गंभीर रूप से घायल हो गई.
अन्य पशुओं को भी हल्की चोटें आई है. घटना सुबह करीब 5 बजे के आसपास की है. जब वन गुर्जर यूसुफ निवासी शाहपुर कल्याणपुर अपने छोटे-बडे़ कुल 15 पशुओं को लेकर हिमाचल प्रदेश की तरफ से लौट रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपरों ने उसकी पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में साथ चल रहे गुर्जर परिवार के लोग बाल-बाल बचे.
वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पंहुची और घायल पशुओं के उपचार व पोस्टमार्टम के लिए पशुचिकित्सक की टीम मौके पर रवाना की गई है. स्थानीय निवासी विपिन चौहान ने घटना पर रोष जताते हुए शासन प्रशासन से की है कि बेलगाम वाहनों पर अंकुश लगाया जाए. साथ ही पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए. फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान कर रही है.
