कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो सक्रिय बदमाश गिरफ्तार हुए हैं. एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को राजपुर थाना क्षेत्र से दबोचा है. आरोपियों के पास से 2 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इससे आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी देहरादून में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे. एक आरोपी मुख्तार अंसारी और संजीव जीवा गैंग का शूटर रहा है. इनसे देहरादून और हरिद्वार की कई विवादित भूमियों में हस्तक्षेप कर गैंगस्टर सुनील राठी की ओर से कराई जा रही थी.
बता दें कि उत्तराखंड एसटीएफ यानी स्पेशल टास्क फोर्स की ओर से सक्रिय गैंग और जेलों में निरुद्ध कुख्यात अपराधियों की लगातार निगरानी कर उन पर बारीकी से नजर रखी जाती है. बीती 26 फरवरी को एसटीएफ टीम ने देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत से कुख्यात सुनील राठी गैंग के 2 बदमाश भानु और पारस को 2 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी पारस पहले मुख्तार अंसाारी और संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रहा है. उनकी मौत के बाद वो सुनील राठी गैंग में शामिल हो गया. पारस, सुनील राठी के इशारे पर हरिद्वार और देहरादून की बेशकीमती विवादित जमीनों में हस्तक्षेप कर सुनील राठी के लिए धन उगाई का काम कर रहा था.
आरोपी पारस से बरामद मोबाइल फोन खंगालने पर उसके लगातार पौड़ी जेल में बंद सुनील राठी से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है. पारस गिरफ्तार अन्य बदमाश भानु के साथ सुनील राठी से मिलने पौड़ी भी जेल जाता रहता था. पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर जो पहले हत्या के मामले में जेल गया है, उसका नाम भी सामने आया है.
