उत्तराखंड की राजधानी दून में जमकर होली खेली गई, लेकिन कई जगहों पर रंग में भंग की स्थिति देखने को मिली. जिसके चलते रिकॉर्ड संख्या में होली में दिनभर मारपीट, हुड़दंगबाजी में घायल, रोड एक्सीडेंट में घायल हुए लोग दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे. जहां ऐसे भी कई मामले आए, जो शराब के नशे में चूर थे. कुल मिलाकर होली के खुमार ने 610 लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया.
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल देहरादून के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एनएस बिष्ट ने बताया कि होली के मद्देनजर दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल को अलर्ट पर रखा हुआ था. जिससे इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से सक्रिय रही. उन्होंने बताया कि 4 मार्च की सुबह 8 बजे से लेकर 5 मार्च सुबह 8 बजे तक अस्पताल की इमरजेंसी में कुल 610 लोगों का इलाज किया गया.
दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे मरीजों की संख्या: उन्होंने बताया कि इनमें से 44 लोगों को भर्ती करने की नौबत आई. अस्पताल के आपातकालीन विभाग में सड़क हादसे के 47 मामले आए. जबकि, मारपीट के 26, खुद से गिरकर घायल होने (Self Injury) के 123 और अन्य कारणों के 370 केस आए.
दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर गीता जैन ने कहा कि उन्होंने सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि होली पर्व के दौरान सभी ने पूरी तत्परता से अपनी सेवाएं दी है.
