दिनेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है.
उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.लेकिन कथित तौर पर रिश्ता टूटने के बाद मानसिक तनाव में आए एक 17 वर्षीय किशोर ने आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से किशोर काफी परेशान और चुप-चुप रहने लगा था. परिवार वालों को पहले इस बात की पूरी जानकारी नहीं थी कि वह किस बात को लेकर तनाव में है. बाद में पता चला कि जिस किशोर से उसकी दोस्ती और प्रेम संबंध था, उसने कथित तौर पर उससे बातचीत बंद कर दी थी और रिश्ता खत्म कर दिया था. इस बात से किशोर गहरे मानसिक तनाव में चला गया था.
बताया जाता है कि घटना वाले दिन भी किशोर घर पर ही था. कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे कमरे में देखा तो वह पंखे से लटका हुआ मिला. यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए. आनन-फानन में आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को भी खबर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
