टी20 विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की शादी के फंक्शन उत्तराखंड की पहाड़ों की रानी मसूरी में शुरू हो चुके हैं. आज शुक्रवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में हो रहीं हैं. शनिवार को कुलदीप यादव की शादी उनकी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से होगी. शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुलदीप यादव के साथी क्रिकेटरों का मसूरी में जमावड़ा लगने लगा है.
आज शुक्रवार को सबसे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप, कुलदीप यादव की शादी के फंक्शन अटेंड करने मसूरी पहुंचे. टी दिलीप को अक्सर आप बीसीसीआई द्वारा जारी किए जाने वाले वीडियो में बेस्ट फील्डर को मेडल देते देखते होंगे. सोशल मीडिया पर इंडियन ड्रेसिंग रूम के ये वीडियो बहुत पसंद किए जाते हैं. खासकर पाकिस्तानी खिलाड़ी भारतीय ड्रेसिंग रूम के ऐसे वीडियो देखकर भौचक्के रह जाते हैं.
टी दिलीप के बाद रिंकू सिंह, कुलदीप यादव की शादी समारोह में शामिल होने के लिए मसूरी पहुंचे हैं. रिंकू सिंह, कुलदीप के गृह प्रदेश यूपी से आते हैं. रिंकू ने कुलदीप के साथ यूपी से घरेलू क्रिकेट खेला तो कोलकाता नाइट राइडर्स का ड्रेसिंग रूम भी दोनों ने शेयर किया है. रिंकू सिंह अपनी मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के साथ समारोह में शामिल होने आए हैं.
इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम में सालों तक कुलदीप यादव के साथ स्पिन जोड़ी के रूप में खेलने वाले युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) भी साथी की शादी में शामिल होने मसूरी पहुंच चुके हैं. कुलदीप और चहल ने 70 वनडे मैचों में मिलकर 130 विकेट लिए हैं. भारतीय टीम के लिए शानदार सफलता लाने वाली स्पिनरों की इस जोड़ी को दोनों के नाम मिलाकर ‘कुलचा’ कहा जाता है.
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए आम लोगों के प्रवेश पर रोक रखी गई है. केवल आमंत्रित मेहमानों को ही कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी जा रही है. समारोह में बॉलीवुड जगत की हस्तियों के साथ-साथ प्रदेश के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है.
मसूरी में हो रही इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. क्रिकेट, बॉलीवुड और राजनीति की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी से यह समारोह शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
