हरबर्टपुर में एक निजी संस्था के अस्पताल में रविवार को एक महिला की मौत हो गई. अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी सूचना दी. लेकिन परिजनों को महिला की मौत की जानकारी नहीं दी. परिजन महिला के शव को लेकर अन्य अस्पतालों मे भटकते रहे. बाद में चौथे अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया गया.
सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव की 25 साल की एक महिला की रविवार को अचानक तबीयत खराब हो गई. परिजन महिला को हरबर्टपुर स्थित एक निजी संस्था के अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे. आरोप है कि उपचार के दौरान ही परिजन महिला को अस्पताल से अपने साथ ले गए. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उसी समय महिला के मौत की सूचना पुलिस को दे दी. परिजन महिला को तीन अस्पतालों में लेकर पहुंचे. तीनों अस्पतालों ने हाथ खड़े कर दिए.
इसके बाद झाझरा स्थित अस्पताल पहुंचे. वहां डाक्टरों ने जांच के बाद बताया कि महिला की मौत हो चुकी है. जिसके बाद महिला का शव लेकर परिजन गांव लौट आए और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी. इसी बीच शाम 7 बजे हर्बटपुर अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर सहसपुर पुलिस गांव पहुंच गई.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव मांगा. इस पर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए. इस दौरान वहां हंगामा होने लगा. पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया. घंटों की मशक्कत के बाद नायब तहसीलदार की मौजदूगी में शव का पंचायतनामा भरा गया. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया. जिसके बाद एसडीएम की अनुमति से शव को परिजनों को सौंप दिया गया.
