मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन बारिश के लिहाज से उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. 29 से 31 मार्च तक उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है. अप्रैल महीने की शुरुआत भी बारिश से होगी. हालांकि पहली अप्रैल को राज्य के कुछ पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी होगी.
मौसम विभाग ने आज 3 अप्रैल तक का वेदर अलर्ट जारी कर दिया है. इस अलर्ट के अनुसार अगले तीन दिन यानी 29, 30 और 31 मार्च को उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश का अनुमान है. इस दौरान पहाड़ी जिलों में 3300 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी होगी.
मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. राज्य के शेष 8 जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है. शेष पहाड़ी जिलों में भी 3300 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी.
30 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी. बाकी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इन जिलों में 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश होगी. इस दिन मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मार्च महीने का समापन भी बारिश के साथ होगा. मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को सभी पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दिन भी 3300 मीटर और इससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. राज्य के मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी.
नए महीने अप्रैल की शुरुआत भी बारिश से ही होगी. 1 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिशा का पूर्वानुमान है. इस दिन भी 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
2 अप्रैल को उत्तराखंड के सभी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. 3300 मीटर और इससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. 3 अप्रैल को भी मौसम का यही पैटर्न रहेगा, लेकिन राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में बारिश होगी.
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून का कहना है कि अगले 2 से 3 दिन के अंदर अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.
