लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित भोगपुर गांव के एक मंदिर में पुजारी की हत्या से सनसनी मच गई है. मंदिर में अंदर ही कुछ अज्ञात बदमाशों में पुजारी को धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. मंदिर के अंदर ही पुजारी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है, जो गोधना गांव, पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर का रहने वाला है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार भोगपुर गांव में ग्रामीण संजय सैनी ने निजी मंदिर बनाया हुआ है. मंदिर में गांव के लोग पूजा अर्चना के लिए आते हैं. करीब तीन महीना पहले बुजुर्ग पुजारी गांव आया और मंदिर में रहने लगा. मंदिर में रहकर वो पूजा पाठ और साफ सफाई का कार्य करने लगा. आज रविवार सुबह मंदिर में ही उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ. जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई.
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो है. मंदिर स्वामी संजय सैनी ने बताया बीती शनिवार शाम को वो पुजारी से मंदिर में मिला था. उसका हालचाल जाना तो, सब कुछ ठीक बताया गया. पुजारी अपने घर भी बातचीत करता था. उसे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं थी. वह अपनी मर्जी से मंदिर में रहकर सेवा का कार्य कर रहा था. मंदिर स्वामी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को अपनी ओर से ही लिखित शिकायत दी है.
उधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लक्सर के सीओ देवेंद्र सिंह नेगी और लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी भी घटना स्थल पर पहुंचे. मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. साक्ष्य एकत्रित किए गए. सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उसके सिर और शरीर में चोट के निशान पाए गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह चल पाएगी. फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है.
