शहर में शाम ढलते ही सड़कों, होटल और पीजी में होने वाले उत्पात और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने एक बार फिर नाइट स्ट्राइक अभियान शुरू किया है. खासतौर पर वीकेंड में हो रही हुड़दंगबाजी को रोकने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया है. जिसमें रविवार देर रात तक प्रेम नगर क्षेत्र में पुलिस ने कई होटल, रिसॉर्ट और पीजी में छापेमारी की. जिसमें संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ ही नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की गई है. साथ ही सड़कों पर खड़े होकर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है.
दरअसल, देहरादून के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थी कि शाम ढलते ही अराजक तत्व इस क्षेत्र में हुड़दंग करते नजर आते हैं और सड़कों पर गाड़ियां और होटल रेस्टोरेंट के अंदर जाम छलकने शुरू होते हैं. जिस पर प्रेम नगर थाना पुलिस ने अभियान चलाते हुए देर रात सड़कों पर घूम रहे लोगों से पूछताछ करने के साथ ही कई रेस्टोरेंट, होटल और पीजी में छापेमारी की. पुलिस ने कार्रवाई प्रेम नगर थाना क्षेत्र के पौंधा और बिधौली क्षेत्र में की है.
पुलिस ने रविवार देर शाम से शुरू किया इस अभियान को देर रात तक चलाया. जिसमें कई लोग सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते दिखे. साथ ही होटल, रेस्टोरेंट में भी कुछ लोग संदिग्ध रूप से दिखाई दिए, जिनसे पुलिस ने गहन पूछताछ की. वहीं पीजी में छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ लोग शराब का सेवन करने के साथ-साथ हुड़दंग करते मिले. जिनकी पुलिस ने मौके पर ही क्लास लगाई.
पुलिस द्वारा शुरू किए गए नाइट स्ट्राइक अभियान के तहत पुलिस ने वीकेंड पर कार्रवाई शुरू कर दी है. जिसमें पर्यटक और इस क्षेत्र में पढ़ने वाले छात्रों पर खास तौर पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने आते हैं जिनमें से कुछ पर्यटकों की वजह से दूसरे लोगों को भी परेशानी होती है. जिसके कारण पुलिस ने हुड़दंग करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए नाइट स्ट्राइक अभियान के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
