कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एक बार फिर चर्चाओं में हैं. इस बार गणेश जोशी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को फटकार लगाई है. ये फटकार मसूरी मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण लगाई लगई. जिसका निरीक्षण करने आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मसूरी पहुंचे थे.
आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी माल रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग का निरीक्षण किया. सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी देखकर गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाह अधिकारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
गणेश जोशी ने कहा लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से मोतीलाल नेहरू मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क की हालत देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि कार्य की गुणवत्ता में गंभीर कमी रही है. उन्होंने तत्काल सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए. इसके अलावा सड़क किनारे रेलिंग लगाने, ब्लॉक नालियों की मरम्मत और कल्वर्ट निर्माण कार्यों को भी बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए.
गणेश जोशी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले गणेश जोशी ने मसूरी स्थित उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना. साथ ही उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए. अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के रहते मरीजों को बाहर की दवाइयां न लिखी जाएं. उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में संसाधनों की कोई कमी है तो उसकी जानकारी सीधे शासन स्तर तक पहुंचाई जाए. जिससे समय पर समाधान किया जा सके.
