नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया. जिसे अब कोर्ट में पेश कर सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 जून को लक्सर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली लक्सर में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्तफीक नाम का युवक उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. फिर उसके साथ दुष्कर्म किया. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की.
टीम ने संभावित ठिकानों और आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाई. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी के डर से क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है. इस गोपनीय सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतारसी-सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
बता दें कि इससे पहले भी लक्सर क्षेत्र से हाईस्कूल की एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ था. आरोप था कि युवक ने उसे बहाने से स्कूल से बुलाया, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया. वहीं जब पीड़िता ने अपने साथ हुई हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की. पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था.
इस मामले में पीड़िता के पिता ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी. पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया था कि उनकी 15 साल की नाबालिग बेटी हाईस्कूल की छात्रा है. रोजाना की तरह वो 21 मई को स्कूल में गई थी. तभी आरोपी युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को स्कूल के बाहर बात करने के बहाने से बुलाया.
आरोप है कि आरोपी ने एक कैफे के पास बुलाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसने छात्रा की बुरी तरह से पिटाई की. आरोपी ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी. अगले दिन किशोरी के शरीर पर चोट के निशान देख, उसकी मां ने उससे पूछा तो किशोरी ने रोते हुए सारी बात उन्हें बताई. वो किशोरी को साथ लेकर स्कूल पहुंचे, तो यहां शिक्षकों ने उन्हें घटना के बारे में बताया.
शिक्षकों ने बताया कि आरोपी युवक ने उन्हें भी धमकी दी है. इसके बाद किशोरी के परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, फिर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
