उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस महासचिव और वार रूम चेयरमैंन नवीन जोशी का केदारनाथ उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि जहां भारतीय जनता पार्टी केदारनाथ उपचुनाव को शराब व धन के बल पर जीतना चाहती है वहीं केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और पार्टी प्रत्याशी मनोज रावत की भारी मतों से विजय सुनिश्चित है।
नवीन जोशी ने सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा को जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस वार रूम विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ कमेटियों एवं कार्यकर्ताओं से लगातार सम्पर्क कर रहा है तथा पूरे विधानसभा क्षेत्र से रिपोर्ट ली जा रही है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों के स्थानीय कांग्रेसजनों ने अवगत कराया है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा शराब और पैसे का लालच देकर जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है जिसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से लगातार की जा रही है।
नवीन जोशी ने ये भी कहा कि प्रदेश की आम जनता भाजपा के झूठे वादों से आजिज आचुकी है। जनता ने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में भारी मतदान करने का मन बनाया है। उन्होने ये भी कहा कि भाजपा ने 2022 के विधानसभा आम चुनाव मे केदारनाथ क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे वे एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। जनता धामी सरकार के झूठे वादों और जुमलों को अब समझ चुकी है तथा भाजपा को करारा जवाब देने का मन बना चुकी है।
