उधम सिंह नगर जिले में सड़क हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. देर रात बहनोई के घर से लौटते समय उसका ऑटो वाहन रिंग रोड स्थित बाघवाला रोड पर डिवाइडर से टकरा गया. गंभीर रूप से घायल मजदूर को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय रंजीत विश्वास उर्फ कालू पुत्र मुकुंद विश्वास की मौत हो गई. वो शर्मा रोड, बिलासपुर, रामपुर का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि वो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और अपने पीछे तीन छोटे बच्चों समेत पूरे परिवार को छोड़ गया है.
बताया जा रहा है कि रंजीत विश्वास देर रात अपने बहनोई के घर दिनेशपुर से वापस लौट रहा था. वो ऑटो वाहन से अपने घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान रात करीब 2 बजे रिंग रोड स्थित बागवाला रोड पर उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी. एंबुलेंस की सहायता से घायल रंजीत विश्वास को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
