प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला इलाके में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कुछ स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं को एक किराये के मकान में तीन मुस्लिम युवकों और दो हिंदू युवतियों के साथ रहने की सूचना मिली। सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, संबंधित हिंदू युवतियां देहरादून में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जबकि उनके साथ मौजूद युवक भी छात्र बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवकों और युवतियों से पूछताछ की तथा मामले को लेकर आपत्ति जताई
मौके पर हुई पूछताछ में युवकों ने अपने नाम आकिब निवासी गुरुग्राम, कबीर निवासी मुरादाबाद तथा एल्फेंस निवासी ऊधमसिंहनगर बताए। युवतियों ने स्वयं को हल्द्वानी और चमोली का निवासी बताया।
सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस तीनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई, जबकि युवतियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
इस मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है,वीडियो में ये भी दावा किया गया है कि मकान की तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री और मोबाइल फोन में मौजूद कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों एवं वीडियो मिले हैं।
वहीं, युवकों के मोबाइल फोन की जांच में युवतियों की हिजाब पहने कई तस्वीरें और कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आए। एक वीडियो में संबंध बनाने जैसी बातें भी सामने आई हैं।
इन बातों को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर सवाल उठाए।हालांकि, इन दावों की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस मामले से जुड़े वीडियो और पोस्ट तेजी से साझा किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
