कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के अंतर्गत दिलाराम बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े राधा कृष्ण मंदिर से शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी हो गया. चोरी की यह वारदात शाम पौने पांच करीब हुई, जब बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है. चोरी की घटना के बाद मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है.
हैरानी की बात ये है कि जिस जगह ये घटना हुई वहां से चंद कदमों की दूरी पर हमेशा पुलिस की तैनाती बनी होती है. इसका कारण है घटनास्थल से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास महज 400 मीटर की दूरी पर है.
पुलिस की ओर से बताया गया कि, 26 जून शुक्रवार शाम डालनवाला थाना क्षेत्र के दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में शिवलिंग पर चढ़े चांदी के एक छत्र को एक अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया. हालांकि, चोरी की ये घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.
घटना की जानकारी शाम के समय मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद थपलियाल को लगी, जिसके बाद उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति को घटना की जानकारी दी. सीसीटीवी को चेक किया गया तो उसमें एक चोर मंदिर में शिवलिंग पर लगे छत्र को उतारकर अपने कपड़ों में छुपाता दिखा और उसके बाद वहां से निकल गया.
दिलाराम बाजार के जिस श्री राधा कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना हुई है उससे चंद कदमों की दूरी पर चौबीसों घंटे पुलिस का पहरा रहता है, क्योंकि इस जगह से मंत्री गणेश जोशी का आवास 400 मीटर, राजभवन और सीएम आवास की दूरी भी करीब एक किलोमीटर के आसपास है. यह इलाका देहरादून का बेहद व्यस्त क्षेत्र माना जाता है.
चोरी की वारदात दोपहर करीब पौने पांच बजे हुई जब बाजार में लोगों की अच्छी-खासी आवाजाही रहती है. सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मंदिर से जुड़े अरविंद प्रसाद ने डालनवाला पुलिस को तहरीर दी है. मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
