जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी पुत्र कलम सिंह निवासी नियर लॉ कॉलेज गोपेश्वर के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था. जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था. बताया जा रहा है कि पटियालधार पुलिस चौकी पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया. इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाइपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया.
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है. लोगों का आरोप है कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर पुलिस प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है.
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ट्रक को रोक लिया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग करते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटनास्थल पर राजेंद्र नेगी, विनीत मेंठानी, दिनेश नेगी, जयदीप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
