काशीपुर से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने तीन स्कूली छात्रों को टक्कर मार दी. हादसे में 15 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने टैंकर और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
मृतक शिवम राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था. वह अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था. उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं. वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है. उसने उस दिन स्कूल से अवकाश लिया था. वह अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
