जिले लंबगांव थाना क्षेत्र के ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त में दो लोगों की मौत हो गई. प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होने के कारण वाहन का दुर्घटनाग्रस्त होना प्रतीत हो रहा है. लंबगांव थाना पुलिस ने दो शवों को बरामद किया है. मृतकों की पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है. पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई जारी है.
टिहरी जिले के ग्राम क्यारी के पास चारगांव वाली रोड पर एक डंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया. घटना 1 और 2 अप्रैल के मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे की है. हादसे में डंपर करीब 100 मीटर नीचे गहराई में गिर गया. वाहन दुर्घटना की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना स्थल से लंबगांव थाना पुलिस को वाहन दुर्घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया. पुलिसकर्मियों ने मौके पर पाया कि डंपर वाहन संख्या UK09CA- 0639 दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. डंपर अभिषेक राणा पुत्र जयवीर राणा निवासी ओनालगांव हाल निवासी लंबगांव का है. जिसे उसका चालक 44 वर्षीय सूरज राठौड़ केयर ऑफ जयवीर सिंह राणा निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश चला रहा था. साथ ही डंपर में टिहरी के रौणिया गांव का 36 वर्षीय गजेंद्र रांगड पुत्र स्व धन सिंह रांगड भी मौजूद था. घटना स्थल पर दोनों शख्स लहूलुहान हालत में बेसुध पड़े हुए थे.
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों का ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू किया और सड़क तक लाकर एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल सीएचसी चौंड पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
लंबगांव थाना पुलिस द्वारा डंपर स्वामी से जानकारी लेने पर पता चला कि चालक सूरज माजफ से माल खाली कर वापस आ रहा था. वहीं प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है. दरअसल, क्यारी गांव के ऊपर चारगांव वाली रोड मंदिर के पास खड़ी चढ़ाई है और वाहन चढ़ाई न चढ़ पाने और पीछे लुढ़कने हुए ब्रेक न लगने के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होना प्रतीत हो रहा है.
