उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 अप्रैल तक का मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है. इस अलर्ट के अनुसार 3 अप्रैल से लेकर 8 अप्रैल तक राज्य में बारिश होगी. इस दौरान कभी कुछ चुनिंदा जिलों में बादल बरसेंगे तो कुछ दिन पूरे ही राज्य में बारिश होगी.
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 3 अप्रैल को उत्तराखंड के 13 में से 12 जिलों में बारिश होने का अनुमान है. सिर्फ एक जिला शुष्क रहेगा, जहां बारिश नहीं होगी. राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश के साथ ही 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी.
मौसम विभाग का जो पूर्वानुमान है उसके अनुसार शुक्रवार 3 अप्रैल को उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी. राज्य के शेष पर्वतीय जिलों एवं हरिद्वार में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होगी. ऊधम सिंह नगर जिले में बारिश नहीं होगी.
शनिवार 4 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इन पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा. शेष पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं इन पहाड़ी जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी भी होगी. इस दिन हरिद्वार के साथ ही ऊधम सिंह नगर में भी बारिश होगी.
रविवार 5 अप्रैल को पूरे उत्तराखंड के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी. इसके साथ ही पहाड़ी जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.
6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में होगी बारिश: सोमवार 6 अप्रैल को बारिश का पैटर्न थोड़ा बदलेगा. इस दिन राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इन जिलों में 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों में बर्फबारी भी होगी. शेष पहाड़ी जिलों में बारिश के साथ 3500 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. मैदानी इलाकों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.
7 अप्रैल के मौसम का अलर्ट: मंगलवार 7 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इन दिन 3500 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फ गिरेगी. राज्य के शेष पहाड़ी जिलों में भी बारिश होगी और इनमें 3500 मीटर और उससे ऊंचाई पर बर्फबारी होगी.
8 अप्रैल के मौसम का हाल: बुधवार 8 अप्रैल को पूरे उत्तराखंड में बारिश होगी. पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी तो मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. मौसम विभाग का कहना है कि अनेक स्थानों पर अगले 1 से 2 दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. उसके बाद अगले 2 से 3 दिन में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरेगा.
